Government Job : राजस्थान के 21 हजार युवाओं को जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी करेंगे वितरण; सीएम भजनलाल की घोषणा

post 424 (1)

Government Job : राजस्थान के 21 हजार युवाओं को जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी करेंगे वितरण; सीएम भजनलाल की घोषणा

Government Job: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था नीति और नियमों के अनुसार चलाई जा रही है, न कि किसी के चेहरे या पहचान के आधार पर। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को बड़ी राहत देते हुए कहा कि जल्द ही 21 हजार युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 1.44 लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि एक लाख पदों का भर्ती कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। प्रधानमंत्री मोदी का शीघ्र ही राजस्थान दौरा प्रस्तावित है।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना:-

सीएम भजनलाल ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में फैसले व्यक्तिगत पहचान देखकर किए गए, जबकि मौजूदा सरकार पारदर्शिता और तय मापदंडों के तहत काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि वर्तमान सरकार में किसी भी निर्णय में राजनीतिक दुर्भावना की कोई जगह नहीं है।

सरपंच संघ के कार्यक्रम में बोले सीएम:-

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में सरपंच संघ द्वारा आयोजित निवर्तमान सरपंच-प्रशासकों के राज्य स्तरीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सरपंच संघ की ओर से मुख्यमंत्री का सम्मान भी किया गया।

पंचायत गठन के मापदंड स्पष्ट:-

पंचायत चुनावों और पंचायत गठन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए स्पष्ट नियम तय किए गए हैं। सामान्य क्षेत्रों में 2,500 की आबादी पर पंचायत का गठन किया जा रहा है, जबकि मरुस्थलीय इलाकों में 1,500 की जनसंख्या पर पंचायत बनाई जा रही है।

सरपंच जनता की उम्मीद:-

सीएम भजनलाल ने कहा कि सरपंच गांव के अंतिम व्यक्ति की उम्मीद होता है। जो जनप्रतिनिधि जमीन से जुड़े रहकर ईमानदारी से काम करते हैं, उन्हें जनता लंबे समय तक याद रखती है।

विकसित राजस्थान का संकल्प:-

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकसित राजस्थान, विकसित जिले और विकसित गांव का निर्माण करना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों की भूमिका बेहद अहम है।