Good News: राजस्थान के इस नए रूट पर जल्द दौड़ेगी ‘वंदे भारत’ ट्रेन, जानें शेड्यूल, ठहराव और सुविधाओं के बारे में सब कुछ
Good News: राजस्थान के इस नए रूट पर जल्द दौड़ेगी ‘वंदे भारत’ ट्रेन, जानें शेड्यूल, ठहराव और सुविधाओं के बारे में सब कुछ
उदयपुर: राजस्थान के दक्षिणी द्वार कहे जाने वाले उदयपुर के लिए 16 फरवरी 2026 एक खास तारीख साबित होने जा रही है। इस दिन गुजरात के असरवा और उदयपुर सिटी के बीच नई वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन होगा। हालांकि नियमित संचालन 18 फरवरी से शुरू किया जाएगा। हाल ही में इस रूट को रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिली है।
उद्घाटन समारोह: 16 फरवरी को सजेगी ‘सेमी-हाई स्पीड’ ट्रेन
उद्घाटन अवसर पर ट्रेन संख्या 09663 उदयपुर सिटी-असरवा वंदे भारत स्पेशल दोपहर 12:25 बजे उदयपुर से रवाना होकर शाम 5:15 बजे असरवा पहुंचेगी। इस मौके पर मेवाड़ और वागड़ अंचल के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
18 फरवरी से नियमित सेवा:-
रेलवे ने व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-सारणी तय की है:
- ट्रेन 26963 (उदयपुर–असरवा): सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार अवकाश) सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असरवा पहुंचेगी।
- ट्रेन 26964 (असरवा–उदयपुर): शाम 5:45 बजे असरवा से चलकर रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
- मंगलवार को रखरखाव कार्य के कारण सेवा स्थगित रहेगी।
इन स्टेशनों पर ठहराव:-
यह ट्रेन दक्षिणी राजस्थान और गुजरात के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देगी। मार्ग में प्रमुख ठहराव इस प्रकार होंगे:
- जावर (औद्योगिक क्षेत्र)
- डूंगरपुर (वागड़ का अहम केंद्र)
- हिम्मतनगर (गुजरात का प्रमुख जंक्शन)
बदली रणनीति: गुजरात रूट पर जोर
रेलवे ने यात्री भार कम होने के कारण उदयपुर-जयपुर (20979/80) और उदयपुर-आगरा कैंट (20981/82) वंदे भारत सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया है। अब फोकस उदयपुर को अहमदाबाद क्षेत्र से मजबूत जोड़ने पर है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र और मरीज नियमित यात्रा करते हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस:-
8 कोच वाली इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन में एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार की सुविधा होगी। यात्रियों को 180 डिग्री घूमने वाली सीटें, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, बायो-वैक्यूम टॉयलेट, ऑटोमैटिक दरवाजे, ऑन-बोर्ड वाई-फाई और टच-फ्री सुविधाएं मिलेंगी।