खगोल प्रेमियों के लिए सुनहरा मौका, आज एक साथ नजर आएंगे छह ग्रहों का खास संगम

post 846 (1)

Rajasthan News: खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए शनिवार की शाम बेहद खास रहने वाली है। सूर्यास्त के बाद आसमान में एक साथ छह ग्रहों का दुर्लभ नजारा दिखाई देगा। खगोलीय गणनाओं के अनुसार यह दृश्य न सिर्फ रोमांचक है, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं खगोल विशेषज्ञ पंडित युगल किशोर व्यास ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे से रात 8 बजे तक पश्चिम-दक्षिण दिशा में बुध, गुरु, शुक्र, शनि, यूरेनस और नेप्चून ग्रह दिखाई देंगे।

उन्होंने बताया कि इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए आसमान का साफ और प्रदूषण रहित होना जरूरी है। बुध, शुक्र, शनि और गुरु को नग्न आंखों से देखा जा सकता है, जबकि यूरेनस और नेप्चून को स्पष्ट रूप से देखने के लिए दूरबीन या टेलिस्कोप की आवश्यकता पड़ेगी।

क्या है प्लैनेटरी एलाइनमेंट?

जब सभी ग्रह सूर्य की परिक्रमा करते हुए एक ही दिशा या कतार में दिखाई देते हैं, तो इस खगोलीय स्थिति को ‘प्लैनेटरी एलाइनमेंट’ कहा जाता है। यह संयोग कई वर्षों के अंतराल के बाद बनता है, इसलिए इसे दुर्लभ माना जाता है।

अलग-अलग है परिक्रमा अवधि:-

सौरमंडल के हर ग्रह की सूर्य की परिक्रमा अवधि अलग होती है। बुध लगभग 88 दिनों में, शुक्र 225 दिनों में, पृथ्वी करीब 365 दिनों में, गुरु लगभग 12 वर्षों में और शनि लगभग 29.5 वर्षों में सूर्य का एक चक्कर पूरा करता है।