खाजूवाला: एसपी ऑफिस में आग लगाने वाले पूर्व वार्ड-पंच की मौत, खुद पर पेट्रोल डाला था
खाजूवाला: एसपी ऑफिस में आग लगाने वाले पूर्व वार्ड-पंच की मौत, खुद पर पेट्रोल डाला था
बीकानेर में SP ऑफिस के सामने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने वाले पूर्व वार्ड पंच रामलाल (35) की मौत हो गई। उनका इलाज जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल में चल रहा था। रामलाल सोशल मीडिया पर खुद को भाजपा नेता बताते थे। हालांकि भाजपा के देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया का कहना है कि रामलाल पार्टी से जुड़े हुए नहीं थे। बीकानेर कोतवाली थाने के एएसआई तनेराव सिंह के अनुसार, खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव के रहने वाले रामलाल 13 मार्च की दोपहर SP कार्यालय आए थे। उस समय एसपी कावेंद्र सिंह सागर अपने ऑफिस में थे। करीब तीन बजे अचानक SP ऑफिस से रामलाल चिल्लाते हुए बाहर निकले और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लपटों के बीच घिरे रामलाल को देख पुलिसकर्मी तुरंत दौड़े और आग बुझाकर उसे PBM हॉस्पिटल पहुंचाया। खाजूवाला CO अमरजीत सिंह चावला के अनुसार, रामलाल करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब 6 बजे जयपुर के SMS हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। यह सूचना रामलाल के परिवार वालों ने सुबह करीब 7 बजे पुलिस को दी।