CSK के पूर्व खिलाड़ी का बड़ा बयान, टीम की कमजोर कड़ी उजागर, प्लेऑफ की राह बताई कठिन
CSK के पूर्व खिलाड़ी का बड़ा बयान, टीम की कमजोर कड़ी उजागर, प्लेऑफ की राह बताई कठिन
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी अपना पहला मुकाबला भी नहीं खेला है, लेकिन उससे पहले ही टीम को लगातार तीन बड़े झटके लग चुके हैं। सबसे पहले नाथन एसिल चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए। इसके बाद टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी पिंडली में खिंचाव के चलते अप्रैल तक मैदान से दूर हो गए। वहीं, युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआती मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इसी बीच सीएसके के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू ने टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उजागर की है। रायडू का मानना है कि इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स का गेंदबाजी आक्रमण काफी कमजोर नजर आ रहा है, जो टीम के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है। उन्होंने ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ से बातचीत में कहा कि टीम में इस बार कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्लेइंग इलेवन में किसे मौका मिलता है और वे अपने रोल में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने खासतौर पर मिडिल ओवर्स और डेथ ओवर्स को लेकर चिंता जताई। उनके अनुसार, बीच के ओवरों में विकेट लेने के लिए नूर अहमद जैसे विकल्प मौजूद हैं, लेकिन पावरप्ले और आखिरी ओवरों में टीम के पास उतनी मजबूत गेंदबाजी नजर नहीं आती। यही वजह है कि रायडू को इस बार चेन्नई के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना थोड़ी मुश्किल लग रही है।
टीम की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन अभी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जबकि शुरुआती मुकाबलों में ब्रेविस की गैरमौजूदगी भी टीम संतुलन पर असर डाल सकती है।
आईपीएल 2026 में चेन्नई के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई मैट हेनरी करते नजर आएंगे। उनके साथ खलील अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और जेमी ओवरटन पर जिम्मेदारी होगी। वहीं, स्पिन विभाग की कमान नूर अहमद संभालेंगे, जिनका साथ अकील हुसैन देते हुए दिखाई दे सकते हैं।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में बेहद निराशाजनक रहा था। टीम 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी थी, जबकि 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। अंक तालिका में सबसे नीचे रहते हुए टीम ने सीजन का अंत किया था। ऐसे में 2026 सीजन की शुरुआत से पहले ही आई ये समस्याएं टीम की राह और भी कठिन बना सकती हैं।