कूलर बनाने की फैक्ट्री में लगी आग, 3 मंजिला इमारत के अंदर थे कई सिलेंडर
कूलर बनाने की फैक्ट्री में लगी आग, 3 मंजिला इमारत के अंदर थे कई सिलेंडर
जयपुर में प्लास्टिक के कूलर बनाने की 3 मंजिला फैक्ट्री में आज सुबह आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर गैस सिलेंडर होने से खतरा बना हुआ था। आगजनी की सूचना पर बिंदायका, बगरू, झोटवाड़ा और मानसरोवर से 40 फायर बिग्रेड की गाड़ियां और निजी पानी के टैंकरों से आग बुझाने की कोशिश की गई। करीब 4 घंटे से भी ज्यादा का समय आग बुझाने में लगा। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि फैक्ट्री में रखे सारे कूलर जल गए। घटना बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र की है। इस इलाके का ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया। कूलर और पंखे बनाने की ये फैक्ट्री रमेश लखवानी की है। फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर गैस सिलेंडर रखे थे। ऐसे में खतरा बना हुआ था। 40 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने फैक्ट्री से 11 कॉमर्शियल सिलेंडर बाहर निकाला। आग की तीव्रता को देखते हुए जयपुर से फायर ब्रिगेड का विशेष वाहन TTL (टर्नटेबल लैडर) भी मौके पर पहुंची, जिससे तीन मंजिला इमारत के ऊपर चढ़कर आग को बुझाया गया। फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए लगाए गए कई फायर फाइटिंग उपकरण एक्सपायरी डेट के मिले हैं। दमकलकर्मियों ने जेसीबी की मदद से फैक्ट्री का पिछला हिस्सा तोड़कर अंदर प्रवेश किया ताकि अंदर तक पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सकें। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के रास्ते बंद कर दिए गए थे और यातायात को डायवर्ट किया गया था।