यूनिवर्सिटी के नाम पर घर से बंट रही थीं फर्जी डिग्रियां, मास्टरमाइंड फरार
श्रीगंगानगर। जिले की टांटिया यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी डिग्रियां जारी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अब भी फरार बताया जा रहा है। आरोपी के कब्जे से फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। सदर थाना प्रभारी सीआई सुभाषचन्द्र ने बताया कि पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले के सवाई मानसिंह नगर निवासी 39 वर्षीय सर्वजीत उर्फ जोनी मजबी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने घर को ही फर्जी डिग्री और कोर्स सर्टिफिकेट तैयार करने का केंद्र बना रखा था। यहां से वह टांटिया यूनिवर्सिटी के नाम से नकली डिग्रियां, मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने डिग्री सत्यापन की पूरी ऑनलाइन व्यवस्था तैयार कर रखी थी। जब किसी संस्था द्वारा डिग्री का वेरिफिकेशन किया जाता था, तो फर्जी वेबसाइट के लिंक के जरिए तत्काल डिग्री को वैध दर्शा दिया जाता था। इससे निजी संस्थानों और कंपनियों को लंबे समय तक गुमराह किया गया।


