EV Charging Blast: कार चार्जिंग के दौरान बड़ा हादसा, कारोबारी और गर्भवती बहू समेत 8 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत
Rajasthan News: इंदौर के ग्रेटर बृजेश्वरी इलाके में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे 3 मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू सिमरन समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बेटे घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में से 6 लोग मनोज के ससुराल पक्ष के थे, जो एक दिन पहले ही बिहार से इंदौर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती शॉर्ट सर्किट के बाद आग तेजी से कमरे में रखे गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई। सिलेंडरों में हुए विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मकान का एक हिस्सा भी ढह गया। घटना के समय पूरा परिवार गहरी नींद में था, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। जब बाहर निकलने की कोशिश की गई तो बिजली गुल होने के कारण इलेक्ट्रिक लॉक काम नहीं कर पाया। इस वजह से 8 लोगों की दम घुटने और आग में झुलसने से मौत हो गई।
मृतक मनोज पुगलिया मूल रूप से सादुलपुर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के कुछ सदस्य वर्षों पहले बिहार के फुलका में जाकर बस गए थे। मनोज ने बाद में इंदौर में अपना व्यापार स्थापित किया। उनका एक भाई बड़ौदा और एक बिहार में रहता है। वर्तमान में सादुलपुर आना-जाना बहुत कम हो गया था। वहीं सरदारशहर निवासी विजय सेठिया, जो लंबे समय से बिहार के किशनगंज में व्यापार कर रहे थे, इलाज के लिए अपने परिवार के साथ मनोज के यहां इंदौर आए हुए थे और इसी दौरान यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति ने आग लगने की सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिजली सप्लाई बंद की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। तभी कार और एसी कंप्रेशर में ब्लास्ट होने लगा। अचानक घर में तेज धमाका हुआ। बाद में पता चला कि सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ था।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही मनोज के मझले बेटे सोमिल की शादी हुई थी। गणगौर के मौके पर बहू अपने मायके गई हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही वह तुरंत इंदौर पहुंची और घायल सास की देखभाल में जुट गई।
घटना पर नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।