Emergency Landing: दिल्ली से विजयवाड़ा जा रहे एयर इंडिया के विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, जानें पूरा मामला
Emergency Landing: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एयर इंडिया के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान दिल्ली से विजयवाड़ा जा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने पर पायलट को विमान को डायवर्ट करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2571 ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद विमान में सवार एक यात्री को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। केबिन क्रू ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर पायलट को सूचित किया गया। इसके बाद नजदीकी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया।
विमान जयपुर के पास होने के कारण पायलट ने जयपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने तुरंत अनुमति दी और मेडिकल इमरजेंसी की सूचना संबंधित एजेंसियों को दे दी। इसके चलते एयरपोर्ट पर पहले से मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तैनात कर दिया गया।
विमान के सुरक्षित उतरते ही उसे टैक्सी-वे पर खड़ा किया गया। वहां मौजूद मेडिकल टीम ने यात्री को विमान से उतारकर प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद एम्बुलेंस से जवाहर सर्किल क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि यात्री की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। यात्री को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान को आगे की यात्रा के लिए विजयवाड़ा रवाना कर दिया गया।


