Cyber Crime: कम उम्र में अमीर बनने की चाह, पढ़ाई की उम्र में चुना अपराध का रास्ता, 90 लाख रुपए ठगे; पढ़े खबर

post 1372

टोंक। जिले में पुलिस की डीएसटी टीम ने ऑपरेशन हंटर के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के 90 लाख रुपए के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पुरानी टोंक क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पासबुक, एटीएम कार्ड, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, कई मोबाइल फोन और दो महंगी पावर बाइक बरामद की हैं।

डीएसपी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उनियारा थाना क्षेत्र के चतरपुरा निवासी नमोनारायण उर्फ नमो (19) पुत्र रामफूल मीणा और बनेठा थाना क्षेत्र के खोहल्या निवासी आकाश (20) पुत्र रामेश्वर मीणा हैं। दोनों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध एनसीआरपी पोर्टल पर करीब 21 शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी, जिससे और भी मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना, एएसपी रतन लाल भार्गव के निर्देशन तथा टोंक पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंज्य मिश्रा के सुपरविजन में की गई। डीएसटी टीम ने शुक्रवार देर रात पुरानी टोंक क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ पुरानी टोंक थाने में साइबर अपराध की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पढ़ाई की उम्र में अपराध की राह:-

मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी बेहद कम उम्र के हैं। पुलिस के अनुसार एक की उम्र 19 वर्ष और दूसरे की 20 वर्ष है। पढ़ाई के इस दौर में आरोपियों ने जल्दी पैसा कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी के लालच में अपराध का रास्ता अपना लिया।

100 से अधिक फर्जी सिम का इस्तेमाल:-

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अब तक 100 से ज्यादा फर्जी सिम कार्ड का उपयोग किया। ये अलग-अलग नामों से सिम जारी कराकर फर्जी ट्रेडिंग लिंक, सेक्सटॉर्शन और नकली बीमा कंपनियों के नाम पर टेलीग्राम व व्हाट्सएप के जरिए लिंक भेजकर लोगों को ठगते थे।