Crime News: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, नहर में फेंका शव
Crime News: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, नहर में फेंका शव
Crime News: श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। वारदात में सहयोग करने वाले एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल सहित नहर में फेंककर घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन जांच में पूरी साजिश उजागर हो गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 16 जनवरी को नई मंडी घड़साना थाने में कृष्णलाल निवासी चक 04 जेडडब्ल्यूएम ने रिपोर्ट दी थी कि उसका 35 वर्षीय पुत्र भजनलाल घर से घड़साना जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
नहर में शव मिलने से खुला मामला:-
2 फरवरी को नोखा थाना क्षेत्र में नहर से अज्ञात शव मिलने की सूचना पर शिनाख्त करवाई गई। शव की पहचान भजनलाल के रूप में हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद प्रकरण की तफ्तीश उप निरीक्षक रामेश्वरलाल को सौंपी गई।
तकनीकी जांच से खुली परतें:-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सेक्टर रायसिंहनगर) के पर्यवेक्षण और वृत्ताधिकारी अनूपगढ़ के निर्देशन में थानाधिकारी देवीलाल सहारण के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की मोटरसाइकिल 465 हैड के पास से इंदिरा गांधी नहर से बरामद की गई।
जांच के दौरान संदेह मृतक की पत्नी इन्द्रा देवी पर गया। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने परिचित प्रभूदयाल (31) निवासी चक 04 जेडडब्ल्यूएम के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।
प्रेम संबंध बना कारण:-
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आपसी संबंधों के चलते आरोपियों ने भजनलाल की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। मामले में आगे की पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।