Crime News: टेंट गाड़ने वाली कील से मां ने दो मासूम बच्चों की हत्या की, वजह सुनकर पुलिस भी रह गई सन्न

Crime News: टेंट गाड़ने वाली कील से मां ने दो मासूम बच्चों की हत्या की, वजह सुनकर पुलिस भी रह गई सन्न

Crime News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया पर बच्चों के साथ रील बनाने वाली एक मां ही अपने दो मासूम बच्चों की कातिल बन गई। आरोपी महिला संजू देवी की गिरफ्तारी के बाद हुए खुलासों ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

सोशल मीडिया रील से उपजा बीमारी का डर:-

पुलिस पूछताछ में संजू देवी ने बताया कि उसके मुंह में लंबे समय से छाले थे। इस दौरान उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा, जिसमें बताया गया था कि लंबे समय तक छाले रहना कैंसर का लक्षण हो सकता है। इसी वीडियो को देखकर वह गंभीर बीमारी के डर में आ गई। उसे आशंका होने लगी कि अगर उसे कुछ हो गया तो उसके बच्चों का भविष्य क्या होगा। इसी मानसिक दबाव और भय ने उसे गलत कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

खौफनाक वारदात को दिया अंजाम:-

पुलिस के अनुसार 11 जनवरी की सुबह संजू ने पहले अपनी 12 वर्षीय बेटी नेहा का रस्सी से गला घोंटा। इसके बाद उसने 7 वर्षीय बेटे भैरू की भी इसी तरह हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने दोनों बच्चों के शरीर पर कील से वार कर अपनी आशंका को ‘तसल्ली’ देने की बात भी कबूल की है।

पति को फोन कर दी जानकारी:-

घटना के बाद संजू ने अपने पति राजू तेली को फोन कर बताया कि उसने दोनों बच्चों की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है। पति की सूचना पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जहां दोनों बच्चों के शव मिले, जबकि संजू बेहोशी की हालत में पड़ी थी।

सोशल मीडिया पर ‘गुड़िया’ जैसी सजती थी बेटी:-

स्थानीय लोगों के अनुसार संजू अपने बच्चों से बेहद लगाव रखती थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर बच्चों के साथ कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें वह बेटी को सजा-संवार कर रील बनाती नजर आती है। इसी कारण यह घटना लोगों के लिए और भी चौंकाने वाली बन गई है।

पुलिस जांच जारी, कैंसर की पुष्टि नहीं:-

मांडलगढ़ डीएसपी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद संजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उसे कैंसर होने की कोई चिकित्सकीय पुष्टि नहीं है। यह केवल उसका वहम था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर घटनास्थल की तस्दीक करवा रही है।

Scroll to Top