Crime News : इंश्योरेंस क्लेम के लालच में रिश्तों का कत्ल; सगे भाई ने भाई के खिलाफ रचा प्लान, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

post 1279 (1)

Crime News : राजसमंद जिले में एक चौंकाने वाला हत्या कांड सामने आया है। देवगढ़ थाना क्षेत्र के बग्गड गांव में हुई देवीसिंह रावत की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस साजिश में मृतक का सगा भाई दूधसिंह उर्फ दिनेशसिंह भी शामिल निकला, जिसने बीमा की रकम पाने के लिए हत्या की साजिश रची।

पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार वर्मा के अनुसार, शुरुआत में इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच शुरू की गई थी। बाद में थानाधिकारी देवगढ़ मुकेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

ऐसे रची गई खौफनाक साजिश:-

जांच में सामने आया कि दूधसिंह ने पहले अपने भाई देवीसिंह का दुर्घटना बीमा करवाया और फिर उसकी हत्या की योजना बनाई। दोनों भाई गुजरात में काम करते थे। होली के बहाने देवीसिंह को घर बुलाया गया और जमीन की रजिस्ट्री का झांसा दिया गया।

4 मार्च को जस्साखेड़ा में टीकमसिंह के घर पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई गई। 6 मार्च को बहाने से देवीसिंह को मोटरसाइकिल पर भेजा गया, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई और उसका मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर दिया गया।

इसके बाद कामलीघाट क्षेत्र में पुलिया के पास सभी आरोपी इकट्ठा हुए और दोबारा शराब पिलाकर उसे कुण्डेली रोड की ओर ले जाया गया। वहां सुनसान जगह पर पत्थरों से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में घटना को हादसा दिखाने के लिए शव और बाइक को सड़क पर डाल दिया गया।

झूठी कहानी से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश:-

7 मार्च 2026 को दूधसिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। उसने दावा किया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से देवीसिंह की जान गई।

लेकिन जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार:-

पुलिस ने इस मामले में दूधसिंह उर्फ दिनेशसिंह (27), भगवानसिंह (28), सुरेन्द्रसिंह (29) और टीकमसिंह (30) को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।

इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि लालच किस हद तक इंसान को रिश्तों को भी तार-तार करने पर मजबूर कर सकता है।

You may have missed