Crime News: दुर्लभ उल्लू के नाम पर ठगी, मास्टरमाइंड महिला समेत दो गिरफ्तार; पढ़े पूरी खबर

post 815 (1)

Crime News: राजस्थान के सीकर जिले की सदर थाना पुलिस ने दुर्लभ उल्लू दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कथित मास्टरमाइंड महिला और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक किसान से करीब 6 लाख रुपये ठग लिए। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

फेसबुक पोस्ट से बनाया निशाना:-

थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया के अनुसार, सांवलोदा लाडखानी निवासी किसान विक्रम ने अपनी बाइक बेचने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी। इसी के जरिए आरोपियों ने 9 फरवरी को बाइक खरीदने के बहाने संपर्क किया। अगले दिन दो युवक और एक महिला किसान के घर पहुंचे और 30 हजार रुपये में बाइक का सौदा तय किया। बातचीत के दौरान महिला ने किसान को दुर्लभ और महंगे उल्लू का लालच देकर भरोसे में ले लिया।

फिल्मी अंदाज में रची साजिश:-

जांच में सामने आया कि 11 फरवरी को किसान को भढाढ़र गांव ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को नकली डॉक्टर बनाकर बुलाया गया। वहां उल्लू को 15 लाख रुपये में खरीदने का नाटक किया गया। आरोपियों ने किसान को भरोसा दिलाया कि उसे यह उल्लू आधी कीमत में दिला देंगे और आगे भारी मुनाफा होगा। लालच में आकर किसान ने 13 फरवरी को 6 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। रकम मिलते ही आरोपी उल्लू थमाकर फरार हो गए।

ऐसे काम करता था गिरोह:-

पुलिस के अनुसार, गिरोह सुनियोजित तरीके से ग्रामीणों और किसानों को निशाना बनाता था। ये लोग दुर्लभ उल्लू, कछुए जैसी बेशकीमती वस्तुओं का लालच देकर लोगों को फंसाते और भरोसा जीतने के लिए अपने ही साथियों को नकली खरीदार बनाकर पेश करते थे। फिलहाल पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।