Crime News : ससुराल से लौट रही दुल्हनों को बीच सड़क रोककर मारपीट, मामला दर्ज
Crime News : टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र में दो नवविवाहित दुल्हनों के साथ मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक रघुनाथपुरा कला गांव का एक परिवार मंगलवार शाम दोनों दुल्हनों को ससुराल से वापस घर लेकर आ रहा था, तभी रास्ते में कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोककर हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जैसे ही वे ज्ञानपुरा तिराहे के पास पहुंचे तो शराब के नशे में धुत करीब सात युवकों ने बाइक आगे लगाकर उनकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी में बैठी दुल्हनों टीना और नीरू के साथ मारपीट की और उनके जेवर छीन लिए। इस दौरान उनके साथ अभद्रता भी की गई।
घटना में गाड़ी में मौजूद अन्य परिजन भी नहीं बच पाए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोकेश, खुशीराम, अजय और मनोज ने बीच-बचाव कर किसी तरह परिवार को आरोपियों से छुड़ाया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई। जांच अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी ने बताया कि रामसागर मीणा की शिकायत पर मनराज जाट समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ लूट, अपहरण के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घायलों का मेडिकल कराया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उनियारा थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।