Crime News: गुस्से में हैवान बना पति, कुल्हाड़ी से मारकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

post 1242 (1)

Crime News : बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के दिलोद गांव में शनिवार दोपहर घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में आकर पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, दिलोद गांव में टापरी में रह रहे दयाचंद सहरिया और उसकी पत्नी विमला बाई (40) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दयाचंद ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तुरंत कवाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विमला बाई मूल रूप से बापचा थाना क्षेत्र के गेहूं खेड़ी गांव की रहने वाली थी।

पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम सीएचसी कवाई में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।