Crime News: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती, आरोपी निकला शादीशुदा
Crime News: सीकर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 22 वर्षीय युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है और अब युवती को बदनाम करने की धमकी भी दे रहा है।
पीड़िता ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए सीकर में रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क लगातार बना रहा।
आरोपी युवक ने युवती से कहा कि वह उसे पसंद करता है और उससे शादी करना चाहता है। युवती उसकी बातों पर भरोसा कर बैठी। इसके बाद युवक ने मिलने के बहाने उसे बुलाया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब भी युवती शादी की बात करती, आरोपी किसी न किसी बहाने से टालता रहा।
कुछ समय बाद युवती को पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। इस बारे में जब युवती ने उससे सवाल किया तो उसने धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसे बदनाम कर देगा। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।