Crime News: राजस्थान में फिल्मी अंदाज में युवक का अपहरण, पुलिस ने 150KM तक पीछा किया तो हरियाणा में छोड़कर फरार हुए बदमाश

post 945 (1)

Crime News: अलवर, शहर के हसन खां मेवात नगर डबल फाटक के पास एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई। दो कारों में सवार होकर आए करीब 8-9 बदमाशों ने जाहरखेड़ा गांव निवासी शहबाज (21) पुत्र बम्बल खान का जबरन अपहरण कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक बदमाशों का पीछा किया। इससे घबराकर बदमाश युवक को हरियाणा के बावल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने शहबाज को सुरक्षित अलवर लाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पीड़ित शहबाज ने बताया कि वह अपने दोस्त इमरान के साथ बाइक से रमजान का सामान लेने अलवर आ रहा था। रास्ते में इमरान के पास किसी का फोन आया, जिसने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान हसन खां मेवात नगर डबल फाटक से कुछ पहले इमरान को उल्टी आने पर बाइक रोकनी पड़ी। तभी एक कार में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और शहबाज का मुंह बंद कर उसे जबरन कार में डालकर ले गए। घटना के दौरान उसका दोस्त इमरान मौके से भाग गया।

खुद को पुलिसकर्मी बताया, मारपीट कर मांगे दो लाख रुपए:-

शहबाज के अनुसार अपहरण करने वाले बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उस पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की और और उसके मोबाइल से वाट्सऐप कॉलिंग के जरिए उसके भाई अल्ली को फोन करवाकर उसे छोड़ने के बदले दो लाख रुपए की मांग की। बदमाश शहबाज को ततारपुर के पास जंगलों की ओर ले गए। अपहरणकर्ताओं के अन्य साथी दूसरी कार में थे और दोनों वाहनों में कुल 8-9 लोग सवार थे।

घटना के दौरान एक राहगीर ने शहबाज को जबरन कार में डालकर ले जाते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद शहबाज के बड़े भाई अल्ली ने भी पुलिस को अपहरण की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।

जिंदौली चौकी के पास रुपए रखने को कहा:-

अपहर्ताओं ने शहबाज की रिहाई के लिए उसके भाई अल्ली को तुरंत दो लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा। अल्ली ने गांव के लोगों की मदद से पैसे जुटाए। इसके बाद बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए रुपए दिखाने को कहा। पैसे देखकर भरोसा होने पर उन्होंने अल्ली को चांदोली के पास बुलाया और फिर फोन कर जिंदौली चौकी के पास मंदिर पर रुपए रखकर पानी पीने के लिए कहा।

इसी दौरान पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही बदमाश वहां से शहबाज को लेकर फरार हो गए। बाद में रात करीब एक बजे हरियाणा के बावल क्षेत्र में युवक को छोड़कर आरोपी मौके से भाग निकले।

दो बेटियों का पिता है पीड़ित:-

जानकारी के अनुसार शहबाज 12वीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है और वह दो बेटियों का पिता है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और परिवार में उसका एक बड़ा भाई है। उसका दोस्त इमरान भी जाहरखेड़ा गांव का ही रहने वाला है। ग्रामीणों के अनुसार इलाके के कुछ युवक ओएलएक्स जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर ठगी के मामलों में भी शामिल रहे हैं।

पुलिस का क्या कहना है:-

सदर थाना प्रभारी विजेन्द्र चौधरी के अनुसार प्रारंभिक जांच में अपहर्ताओं और पीड़ित के बीच पहले से पहचान और लेन-देन की बात सामने आई है। अपहरण से पहले पीड़ित की बदमाशों से फोन पर बातचीत भी हुई थी। साथ ही दोस्त इमरान की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। फिलहाल पीड़ित को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की पहचान हो चुकी है और वे खैरथल-तिजारा जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

You may have missed