Crime News: अपनों ने ही दी रूह कंपाने वाली मौत! 5 साल बाद मासूम के शव की तलाश; पढ़े पूरी खबर
Crime News: अपनों ने ही दी रूह कंपाने वाली मौत! 5 साल बाद मासूम के शव की तलाश; पढ़े पूरी खबर
Crime News : दौसा जिले में चार वर्षीय बालक के वर्ष 2020 से लापता होने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। संभावित हत्या की आशंका के चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के समीप खुदाई कराई गई, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लगा।
छह घंटे चला तलाशी अभियान:-
पुलिस ने जेसीबी की मदद से करीब 300 मीटर क्षेत्र में खुदाई कराई। करीब छह घंटे तक चले अभियान के दौरान शव या उससे जुड़ा कोई अवशेष नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आगे भी सर्च अभियान जारी रखा जाएगा।
2020 में दर्ज हुई थी गुमशुदगी:-
जानकारी के अनुसार अगस्त 2020 में ऊनबड़ा गांव से बालक अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने 16 अगस्त 2020 को बांदीकुई थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन रहने के बाद हाल ही में जांच में तेजी लाई गई।
पूछताछ में मिला सुराग:-
पुलिस ने हाल ही में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बालक की हत्या कर शव एक्सप्रेस-वे किनारे दफनाने की बात कही, जिसके आधार पर खुदाई कराई गई। हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आपसी रंजिश की आशंका:-
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का एंगल सामने आया है। संबंधित युवक को परिजन बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार और बांदीकुई पुलिस वृत्ताधिकारी रोहिताश देवंदा पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने विस्तृत टिप्पणी से परहेज किया है।