राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस सक्रिय, जिला अध्यक्षों को जारी किए सख्त निर्देश
राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस सक्रिय, जिला अध्यक्षों को जारी किए सख्त निर्देश
Panchayat Local Body Elections : राजस्थान में प्रस्तावित पंचायत और निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 45 जिलों में नए जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हर जिला कार्यकारिणी में 71 पदाधिकारी बनाए जाएंगे। इसके तहत हाल ही में नियुक्त जिला अध्यक्षों से कार्यकारिणी के लिए नामों की सूची मांगी गई है, और कई जिलों से यह सूचियां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचनी शुरू हो गई हैं।
5 जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति अभी बाकी:-
प्रदेश में कांग्रेस संगठन के कुल 50 जिले हैं, जिनमें से 45 जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। हालांकि, जयपुर सहित 5 जिलों में सियासी गुटबाजी के कारण अध्यक्षों की नियुक्ति अभी नहीं हो पाई है। इसी वजह से प्रदेश कांग्रेस ने फिलहाल केवल 45 जिलों में ही कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया है। इसके लिए जिला अध्यक्षों को निर्धारित प्रोफॉर्मा भी भेजा गया है।
चुनाव से पहले जिला स्तर पर संगठन को सशक्त करना मकसद:-
पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर न्यायालय ने 15 अप्रैल तक की समय-सीमा तय की है। इसे ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि चुनाव से पहले जिला स्तर पर संगठन पूरी तरह सक्रिय और मजबूत हो। पार्टी का मानना है कि समय रहते जिला कार्यकारिणियों के गठन से जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी।