हाईवे पर पलटा केमिकल टैंकर, लगी आग, 2 किलोमीटर तक दिखाई दी लपटें
हाईवे पर पलटा केमिकल टैंकर, लगी आग, 2 किलोमीटर तक दिखाई दी लपटें
नागौर। नागौर-लाडनूं नेशनल हाईवे पर केमिकल से भरा टैंकर पलटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दीं। प्रशासन ने हाईवे को दोनों तरफ से अस्थायी रूप से बंद कर दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चार दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके पर छह एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रखी गईं। हादसा डेह में कुंजल माता मंदिर के पास बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। सुरपालिया थानाधिकारी सुमन चौधरी ने बताया – टैंकर पलटते ही उसमें आग भड़क उठी, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सुरपालिया थाना पुलिस और नगरपरिषद की दमकलें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए चार दमकलों को लगाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया, हालांकि तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। टैंकर ड्राइवर लुकमान खान (निवासी बाड़मेर) समय रहते बाहर निकल गया, जिससे जनहानि टल गई।