सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी: पहले 15 लाख ऐंठे, फिर 5 दिन की फर्जी ट्रेनिंग भी करवाई, बाद में 7 लाख और मांगे; पढ़े पूरी खबर
जयपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो भाइयों से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिचित व्यक्ति ने नगर निगम में नौकरी लगवाने और RAS अटेंडर बनवाने का लालच देकर परिवार से करीब 22 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने दोनों भाइयों को अच्छी सैलरी और पक्की सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।
रिश्तेदारों से उधार लेकर दिए पैसे:-
पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी मार्च 2023 में उनके घर आया था और सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसने कहा कि उसकी बड़े अधिकारियों से पहचान है और वह आसानी से नौकरी लगवा सकता है। उसकी बातों पर विश्वास कर परिवार ने रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब 15 लाख रुपए आरोपी को दे दिए।
अलवर में करवाई ट्रेनिंग:-
भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने दोनों युवकों को अलवर में करीब पांच दिन की ट्रेनिंग भी करवाई। इस दौरान रहने और खाने के खर्च के नाम पर करीब 5 हजार रुपए और ले लिए गए। ट्रेनिंग के बाद भी आरोपी नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा और समय मांगता रहा।
बाद में मांगे और पैसे:-
काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो परिवार ने आरोपी पर दबाव बनाया। इस पर उसने कहा कि जिन अधिकारियों से बात हुई थी उनका तबादला हो गया है और काम करवाने के लिए 7 लाख रुपए और देने होंगे। परिवार ने उसकी बातों में आकर यह रकम भी दे दी।
तीन साल बाद दर्ज हुआ मामला:-
लंबे समय तक टालमटोल के बाद जब नौकरी नहीं लगी और पैसे भी वापस नहीं मिले तो परिवार को ठगी का शक हुआ। इसके बाद पीड़ित युवक के बड़े भाई ने रविवार को जामडोली थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।