‘खून’ के नाम पर ठगी: तड़पते बेटे की सांसों का हुआ सौदा… रुपये लेकर फरार हुआ शातिर तो रो पड़े बेबस पिता

post 813 (1)

उदयपुर। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमबी हॉस्पिटल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घायल बेटे के इलाज में जुटे एक पिता को ‘ब्लड’ दिलाने के नाम पर ठग ने 10 हजार रुपये की चपत लगा दी।

घटना हाथीपोल थाना क्षेत्र की है। खेरोड़ा निवासी कमलेश मेघवाल का बेटा कृष्णा सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हो गया था, जिसे एमबी हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड (रूम नंबर 18, बेड नंबर 1) में भर्ती कराया गया। सुबह करीब 10:30 बजे एक अज्ञात युवक वार्ड में पहुंचा और खुद को अस्पताल से जुड़ा बताकर पीड़ित पिता का भरोसा जीत लिया। वह मदद का भरोसा दिलाते हुए उन्हें ब्लड बैंक की ओर ले गया।

तीन यूनिट खून का झांसा, 10 हजार रुपये ठगे

ब्लड बैंक के बाहर आरोपी ने कमलेश को कहा कि ऑपरेशन के लिए तुरंत तीन यूनिट खून की आवश्यकता है और इसके लिए 10 हजार रुपये जमा कराने होंगे। बेटे की हालत को लेकर चिंतित पिता ने घबराहट में रकम उसे सौंप दी। इसके बाद आरोपी ने आधार कार्ड लाने के बहाने उन्हें वापस वार्ड भेज दिया और मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात:-

अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में वह वार्ड में आते-जाते और पीड़ित को साथ ले जाते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है।

अस्पताल प्रशासन का जवाब

जब कमलेश आधार कार्ड लेकर दोबारा ब्लड बैंक पहुंचे तो कर्मचारियों ने साफ किया कि अस्पताल में खून के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। डॉक्टरों ने भी उस समय खून की कोई मांग नहीं की थी। तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस जांच जारी:-

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। फुटेज में उसका कद छोटा, रंग सांवला, हल्की दाढ़ी और सिर पर टोपी नजर आ रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल:-

घटना ने अस्पताल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रॉमा वार्ड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बाहरी व्यक्ति का आसानी से प्रवेश करना चिंता का विषय है।

इधर, ट्रॉमा वार्ड में भर्ती एक अन्य मरीज के परिजन शम्भू सुथार ने भी रात के समय मोबाइल चोरी होने की शिकायत की है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।