भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक आज, पंचायत चुनाव को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला
भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक आज, पंचायत चुनाव को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला
Rajasthan Cabinet Meeting: राजस्थान में आज भजनलाल सरकार की अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है। दोपहर एक बजे विधानसभा सचिवालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई बड़े नीतिगत फैसलों पर चर्चा और मुहर लगने की संभावना है।
बैठक का सबसे चर्चित मुद्दा पंचायत और निकाय चुनावों में लागू ‘दो बच्चों की अनिवार्यता’ को हटाने का प्रस्ताव है। यदि सरकार इस प्रावधान में बदलाव करती है, तो आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और अधिक लोगों को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।
महत्वपूर्ण विधायी और नीतिगत कदम:-
कैबिनेट में ‘विक्षुब्ध क्षेत्र संपत्ति अंतरण प्रतिषेध विधेयक 2026’ को विधानसभा में पेश करने पर भी विचार होगा। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में संपत्ति के हस्तांतरण और किरायेदारी से जुड़े प्रावधानों को अधिक पारदर्शी और नियंत्रित बनाना है।
निवेश और उद्योग पर फोकस:-
उद्योग विभाग से जुड़े तीन अहम प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं। इनमें ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाना और निवेशकों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष रियायतों पर विचार किया जाएगा, ताकि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिल सके।
विधानसभा सत्र भी रहेगा अहम:-
कैबिनेट बैठक के साथ ही विधानसभा में भी हलचल रहेगी। प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा बिजली, राजस्व और पेयजल से जुड़े मुद्दों पर विधायकों के सवालों का जवाब देंगे।
नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा हाउसिंग बोर्ड और प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरणों की प्रगति रिपोर्ट सदन में रखेंगे। साथ ही, सरकारी उपक्रमों की वित्तीय स्थिति से जुड़ी CAG रिपोर्ट भी पेश की जाएगी।
इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत जैसलमेर में सोलर प्रोजेक्ट्स के पर्यावरणीय प्रभाव और आना सागर झील की स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है।