Businessman Murder Case: राजस्थान के कारोबारी की दिल्ली में निर्मम हत्या, फैक्ट्री के बाहर 20 बार घोंपा चाकू, 6 महीने के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

post 763 (1)

Businessman Murder Case: राजस्थान के कारोबारी की दिल्ली में निर्मम हत्या, फैक्ट्री के बाहर 20 बार घोंपा चाकू, 6 महीने के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Bharatpur Businessman Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में भरतपुर निवासी 27 वर्षीय फुटवियर कारोबारी रवि चौधरी की सरेआम हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 15-20 हमलावर युवक को घेरकर उस पर चाकुओं से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

जान बचाने के लिए भागा, पर मौत ने नहीं छोड़ा पीछा:-

घटना 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। रवि फैक्ट्री बंद कर बाइक पर बैठने ही वाले थे कि अचानक हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। जान बचाने के लिए वह सड़क की ओर भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने 20 से अधिक वार किए, जिससे रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ये रही विवाद की जड़, महज 12,500 का हिसाब और कर्मचारी की धमकी:-

  • रवि के बड़े भाई रणवीर चौधरी ने बताया कि यह पूरी साजिश एक मामूली कहासुनी से शुरू हुई थी।
  • 19 फरवरी को फैक्ट्री के एक कर्मचारी ‘राहिल’ से रवि का विवाद हुआ था।
  • विवाद बढ़ने पर रवि ने राहिल को काम से निकाल दिया।
  • राहिल ने जाते-जाते रवि को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
  • 20 फरवरी की सुबह ठेकेदार सलमान का फोन आया और उसने सभी कर्मचारियों का हिसाब करने को कहा।
  • रवि ने ईमानदारी दिखाते हुए राहिल के खाते में 12,500 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
  • लेकिन उसे क्या पता था कि वही रात उसकी आखिरी रात होगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-

भरतपुर जिले के धौर का नगला निवासी रवि पिछले 14 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे। चार साल पहले उन्होंने अपने भाई के साथ फुटवियर फैक्ट्री शुरू की थी। रवि के पीछे उसकी पत्नी और दो मासूम बेटे हैं। बड़ा बेटा गगन अभी महज 2 साल का है, जबकि छोटा बेटा करण सिर्फ 6 महीने का है। पिता की मौत के बाद मासूमों के सिर से साया उठ गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी:-

मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में दबिश जारी है।