बर्थडे सेलिब्रेशन बना मुसीबत, सड़क जाम कर हुड़दंग मचाने वाले चार युवक गिरफ्तार, 7 वाहन जब्त

post 970 (1)

बर्थडे सेलिब्रेशन बना मुसीबत, सड़क जाम कर हुड़दंग मचाने वाले चार युवक गिरफ्तार, 7 वाहन जब्त

Rajasthan News: राजस्थान में सड़क पर रील बनाकर हुड़दंग मचाने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। ताजा मामला सवाई माधोपुर के मित्रपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां जन्मदिन सेलिब्रेशन के नाम पर सड़क जाम करना चार युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने न सिर्फ चारों को गिरफ्तार किया, बल्कि मौके से सात वाहन भी जब्त किए।

क्या है पूरा मामला:-

थानाधिकारी सुशीला मीना ने बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बपूई गांव के एक चौराहे पर कुछ युवक गाड़ियों का काफिला खड़ा कर तेज शोर-शराबा कर रहे हैं। युवक थार और बोलेरो गाड़ियों की लाइटें जलाकर बीच सड़क पर जन्मदिन मना रहे थे, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस पहुंची तो मच गई अफरा-तफरी:-

गश्त कर रही पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, हुड़दंग कर रहे युवकों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर चार युवकों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज मीना, अशोक मीना, राकेश मीना और दिनेश गुर्जर के रूप में हुई है।

सात वाहन किए जब्त:-

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में साफ संदेश गया है कि सड़क पर हुड़दंग अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके से पुलिस ने चार महिंद्रा थार, एक बोलेरो और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। आरोपियों ने दावा किया कि चार थार उनकी नहीं हैं, जबकि बोलेरो और बाइक के वैध कागजात भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सभी वाहनों को थाने में खड़ा करवा दिया गया।