बीकानेर: खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से महिला की मौत
बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र के सुरपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में बनी डिग्गी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुरपुरा निवासी धर्माराम मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी सुमित्रा (30) खेत में डिग्गी से पानी निकाल रही थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरी।
घटना के बाद पति ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को बचाने की कोशिश की। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद उसे जिंदा नहीं बचाया जा सका।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।