बीकानेर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, उपचार के दौरान एक की मौत
बीकानेर। अज्ञात वाहन की टक्कर से शहर के एक युवक की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बीछवाल थाना पुलिस में दम्माणी चौक निवासी दीपक कुमार पुत्र उदयशंकर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हादसा 23 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे बीछवाल स्थित एमआरएफ टायर शोरूम के पास हुआ।
परिवादी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अज्ञात कैंपर वाहन ने उसके भतीजे यशवर्धन और उसके साथी शंशाक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में यशवर्धन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि शंशाक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


