बीकानेर: आवारा कुत्तों का कहर, मासूम बच्चे को नोंच कर किया लहूलुहान, हालत गंभीर

बीकानेर। पांचू क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब ये श्वान सिर्फ मवेशियों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इंसानों पर भी हमले करने लगे हैं। रविवार शाम एक दर्दनाक घटना में श्वानों के झुंड ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ननिहाल आया था मासूम:-
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजवीर पुत्र रामलाल डूडी इन दिनों अपने ननिहाल पांचू में आया हुआ था। रविवार शाम वह घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक आवारा श्वानों का झुंड वहां आ पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। श्वानों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे श्वानों के चंगुल से छुड़ाया।
प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर:-
घटना के बाद परिजन बच्चे को लहूलुहान हालत में तुरंत पांचू के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश:-
घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा श्वानों की संख्या बढ़ती जा रही है। पहले भी मवेशियों पर हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि हालात ऐसे हैं कि लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी डरने लगे हैं, खासकर शाम के समय जब श्वानों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आते हैं।