बीकानेर: सास और बहू को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 48 लाख रुपए, आरोपी बेंगलुरू से गिरफ्तार

post 503 (1)

बीकानेर: सास और बहू को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 48 लाख रुपए, आरोपी बेंगलुरू से गिरफ्तार

बीकानेर: जिले के बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित करणी नगर, लालगढ़ में रहने वाली एक सेवानिवृत्त शिक्षिका और उनकी पुत्रवधू से “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर 48 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अब तक 38 लाख रुपये बरामद करने का दावा किया है।

साइबर थाना प्रभारी रमेश कुमार सर्वटा के अनुसार, 22 और 23 जनवरी को दो दिनों में रकम ट्रांसफर करवाई गई। पहले दिन 10 लाख रुपये और अगले दिन 38 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए।

मनी लांड्रिंग केस का दिखाया डरः

पीड़िता को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को एनआईए अधिकारी बताया और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नाम आने की बात कहकर गिरफ्तारी का भय दिखाया। घबराई महिला ने पुत्रवधू को बातचीत कराई। इसके बाद व्हाट्सएप पर कथित अरेस्ट वारंट और सुप्रीम कोर्ट आदेश की कॉपी भेजी गई। दो दिन तक व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल के जरिए पूछताछ की। कॉल पर कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनमें एक व्यक्ति पुलिस वर्दी में दिखाई दिया। डर का माहौल बनाकर पहले 40 लाख रुपये की मांग की गई। महिला ने 10 लाख रुपये जमा कराए। अगले दिन “समझौते” के नाम पर 38 लाख रुपये और ट्रांसफर करवा लिए गए।

बेटे को बताने पर खुली ठगी की पोल:-

दो दिन बाद जब पीड़िता ने बेटे को पूरी घटना बताई तो ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एसपी के निर्देश पर साइबर टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

You may have missed