बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 51 ग्राम से अधिक एमडी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

post 810 (1)

बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

इसी अभियान के तहत पांचू पुलिस थाना क्षेत्र में बीती रात गश्त कर रही पुलिस टीम ने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 51 ग्राम से अधिक एमडी (मादक पदार्थ) बरामद की गई।

पुलिस ने राकेश और कैलाश नामक आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।