Bikaner: इस तरीख से थम जाएंगे प्राइवेट बसों के पहिए, बस एसोसिएशन ने दी सरकार को चेतावनी

post 652 (1)

Bikaner: इस तरीख से थम जाएंगे प्राइवेट बसों के पहिए, बस एसोसिएशन ने दी सरकार को चेतावनी

Bikaner: बीकानेर में निजी बस संचालकों ने परिवहन विभाग की कार्रवाई के विरोध में कड़ा रुख अपनाया है। बीछवाल रोड स्थित कोहिनूर भवन के सभागार में हुई बैठक में शहर व आसपास क्षेत्र के सभी प्रमुख ऑपरेटर शामिल हुए और विभागीय कार्यशैली पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं।

23 फरवरी से हड़ताल का ऐलान:-

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राजस्थान बस एसोसिएशन के आह्वान पर 23 फरवरी से निजी बसों का संचालन अनिश्चितकालीन बंद रखा जाएगा। संचालकों का आरोप है कि परिवहन विभाग छोटे-छोटे कारणों का हवाला देकर बार-बार चालान कर रहा है, जिससे व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

बस संचालकों में आक्रोश:-

एसोसिएशन अध्यक्ष समुद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बस बॉडी से जुड़े नियम एस-052, 153 और 119 को लेकर विशेष आपत्ति जताई गई। उनका कहना है कि वर्ष 2019 और 2025 में लागू प्रावधानों के आधार पर पुराने वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जबकि उनके पास वैध दस्तावेज मौजूद हैं। भारी चालान, आरसी निलंबन और वाहनों की जब्ती से संचालकों में नाराजगी बढ़ी है।

बैठक में तय किया गया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन जिला कलक्टर के माध्यम से सौंपा जाएगा और नियमों में व्यावहारिक राहत की मांग की जाएगी। बैठक में अध्यक्ष सहित जगमाल सिंह, हिम्मत सिंह शेखावत, धर्माराम पारीक, जगदीश गुर्जर, महावीर सिंह शेखावत समेत अनेक बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।