Bikaner Girl Murder Case: आरोपी गिरफ्तार, मांगों पर लिखित आश्वासन के बाद बनी सहमति

post 786 (1)

Bikaner Girl Murder Case: आरोपी गिरफ्तार, मांगों पर लिखित आश्वासन के बाद बनी सहमति

Bikaner : बीकानेर जिले के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहा धरना मंगलवार दोपहर सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया। पुलिस पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी एक करोड़ रुपये मुआवजा, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग पर अड़े हुए थे। इसी को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी वार्ता हुई।

धरना स्थल पर वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी भी पहुंचे। वहां पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, कांग्रेस नेता महेंद्र गहलोत सहित अन्य लोग पहले से मौजूद थे और पीड़ित परिवार की मांगों का समर्थन कर रहे थे।

वार्ता के दौरान देवी सिंह भाटी ने सरकार स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर सरकार को प्रस्तावित निर्णय का लिखित पत्र सौंपा गया, जिसमें एक करोड़ रुपये मुआवजा, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का प्रस्ताव शामिल था। इसके अलावा देवी सिंह भाटी, भंवर सिंह भाटी, श्याम सिंह भाटी समेत अन्य लोगों ने व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहयोग की घोषणा की। मौके पर ही करीब 60 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की गई।

भंवर सिंह भाटी ने बताया कि प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सकारात्मक सहमति बनी, जिसके बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

महेंद्र गहलोत ने कहा कि आंदोलन में सर्व समाज के लोगों का समर्थन मिला, जिससे मांगों को मजबूती मिली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि देवी सिंह भाटी सरकार के प्रतिनिधि के रूप में आए और उन्होंने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।