बीकानेर: डिग्गी में डूबने से किसान की मौत, मोटर पंप चालू करते समय हुआ हादसा

बीकानेर: डिग्गी में डूबने से किसान की मौत, मोटर पंप चालू करते समय हुआ हादसा

Bikaner: बज्जू थाना क्षेत्र के बांगड़सर ग्राम पंचायत की आरडी 888 पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सिंचाई डिग्गी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान पूनमचंद मेघवाल के रूप में हुई है।

बज्जू पुलिस थाना के उपनिरीक्षक प्रेमसिंह ने बताया कि इस संबंध में बांगड़सर निवासी बाबूलाल पुत्र मघाराम मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार बाबूलाल और उसका छोटा भाई पूनमचंद आरडी 888 स्थित खेत में रहते थे। रात करीब 9 बजे पूनमचंद खेत में बनी सिंचाई डिग्गी पर मोटर पंप चालू करने गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर खेत पहुंचकर खोजबीन की गई, जहां डिग्गी के पास पानी में उसकी चप्पलें तैरती हुई मिलीं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई और पूरी रात तलाश जारी रही। अगले दिन सुबह पूनमचंद का शव डिग्गी से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाबूलाल की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतक के शव का उपजिला अस्पताल, बज्जू में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Scroll to Top