बीकानेर: नाबालिग छात्रा का अर्द्धनग्न अवस्था में मिला शव, 8वीं की परीक्षा देने गई थी छात्रा, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
बीकानेर: नाबालिग छात्रा का अर्द्धनग्न अवस्था में मिला शव, 8वीं की परीक्षा देने गई थी छात्रा, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Crime News: बीकानेर जिले के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा का अर्द्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी का बलात्कार करने के बाद हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा के अनुसार किशोरी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो रणजीतपुरा से गौडू जाने वाली भारतमाला सड़क के पास रोही क्षेत्र में उसका शव मिला। सूचना पर थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
चुन्नी से गला घोंटने की आशंका:-
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रथमदृष्टया आशंका है कि 13 वर्षीय किशोरी के साथ बलात्कार करने के बाद चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है। घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
परिजन-ग्रामीण आक्रोशित, शव को नहीं उठाने दिया:-
परिजनों के मुताबिक 13 वर्षीय किशोरी ढाणी से दो किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जाती थी। वह आठवीं कक्षा में अध्यन्नरत थी। शनिवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली। करीब पौने दो बजे स्कूल से किशोरी के स्कूल नहीं आने की सूचना मिली। इस पर परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। ग्रामीण व परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव उठाने पर अड़ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने समझाइश के प्रयास किए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नेताओं की प्रतिक्रियाएं:-
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए पुलिस महानिदेशक से वार्ता कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है।