Bikaner Crime: टॉफी का झांसा देकर 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, 60 वर्षीय आरोपी डिटेन

Bikaner Crime: टॉफी का झांसा देकर 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, 60 वर्षीय आरोपी डिटेन
बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग ने घर के बाहर खेल रही नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टॉफी दिलाने के बहाने घर ले गया आरोपी:-
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह के अनुसार, रविवार शाम करीब 8 वर्षीय बच्ची गली में खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी भंवरलाल गोदारा (60) ने उसे टॉफी और पैसे देने का झांसा देकर अपने घर बुलाया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के रोने पर उसे डराकर वापस घर भेज दिया गया।
बच्ची का मेडिकल कराया, आरोपी डिटेन:-
बच्ची जब बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिजन घबरा गए और तुरंत पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने रात में ही बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। पुलिस आज मौका मुआयना कर सबूत जुटाएगी।
इलाके में आक्रोश:-
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है।