Bikaner: तेज रफ्तार कार घर में घुसी, मातम में बदला शादी की सालगिरह का जश्न, एक युवक की मौत

Bikaner: तेज रफ्तार कार घर में घुसी, मातम में बदला शादी की सालगिरह का जश्न, एक युवक की मौत

Bikaner: बीकाजी की छतरियों और भांभू टावर क्षेत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलते हुए एक मकान में जा घुसी। उस वक्त घर में 25वीं शादी की सालगिरह का आयोजन चल रहा था। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दीवार फांदकर बाखल में जा गिरी कार:-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सागर रोड की ओर से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। कार पहले मकान के दरवाजे, टेंट और बाहर खड़ी गाड़ी से टकराई और फिर दीवार फांदकर घर की बाखल में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक उछलकर सीधे बाखल में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में फंसे अन्य दो लोगों को परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

स्टेज के पास बैठे लोगों में मची अफरा-तफरी:-

मकान मालिक बलवेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार स्टेज के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ कार हवा में उछलती नजर आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

एक युवक की मौत, दो घायल:-

जेएनवीसी थाना पुलिस के अनुसार हादसे में सुमित आर्य (निवासी अल्मोड़ा, वर्तमान में उत्तमनगर दिल्ली) की मौत हो गई। वहीं घायलों में राजेश (37) निवासी पिलानी, झुंझुनू और आशीष (22) निवासी झालोन, उत्तरप्रदेश शामिल हैं। तीनों डी-मार्ट की ओर से होटल की तरफ जा रहे थे। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है, जबकि मकान मालिक के परिजन ने भी थाने में प्रार्थना-पत्र सौंपा है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा:-

स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 12 जनवरी 2025 की रात ईंटों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर इसी मकान की बाखल में घुस गया था। उस समय टैक्सी, टेंट का सामान और निर्माणाधीन दुकान को नुकसान पहुंचा था। गनीमत रही कि तब परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।

सागर रोड की बनावट पर उठे सवाल:-

पीड़ित परिवार ने सागर रोड की बनावट पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि सड़क को मिट्टी डालकर अनियंत्रित तरीके से ऊंचा किया गया है, जिससे घुमाव पर वाहन संतुलन खो बैठते हैं और लगातार हादसे हो रहे हैं। परिवार ने जिला प्रशासन से सड़क की जल्द दुरुस्तीकरण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।

Scroll to Top