बीकानेर: 31 वर्षीय युवक ने फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या
बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बाडेला में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय लालुराम पुत्र कानाराम मेघवाल ने शनिवार देर रात अपने खेत में रोहिड़े के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के चाचा कालूराम मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी एसआई मोहनलाल को सौंपी गई है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।