बीकानेर: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रिटायर्ड कर्मचारी से 13 लाख ठगे, बीकानेर से आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रिटायर्ड कर्मचारी से 13 लाख ठगे, बीकानेर से आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर: हरियाणा के फतेहाबाद जिले की साइबर थाना पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर की गई ठगी के मामले में बीकानेर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान लाखोटियों का चौक निवासी वेदप्रकाश छगानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
साइबर थाना प्रभारी राहुल देव ने बताया कि भूना के वार्ड नंबर 10 निवासी सेवानिवृत्त वीएलडीए लेखराज ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 6 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई साइबर सेल का अधिकारी बताते हुए दावा किया कि उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाता खोला गया है और उसमें आतंकवादी गतिविधियों के लिए धनराशि ट्रांसफर हुई है।
विश्वास दिलाने और भय पैदा करने के लिए आरोपियों ने आरबीआई के नाम से फर्जी पत्र भी भेजा और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। घबराए शिकायतकर्ता ने 7 से 11 नवंबर 2025 के बीच आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस और एनईएफटी के माध्यम से 13 लाख 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब रकम वापस नहीं मिली और लगातार और पैसे मांगे जाने लगे, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के आधार पर 17 नवंबर 2025 को बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस प्रकरण में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।