राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, किराए के कमरों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र अब सरकारी स्कूलों में किए जाएंगे शिफ्ट
राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, किराए के कमरों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र अब सरकारी स्कूलों में किए जाएंगे शिफ्ट
जयपुर। किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को अब चरणबद्ध तरीके से नजदीकी सरकारी स्कूल परिसरों में स्थानांतरित किया जाएगा। आंगनबाड़ी में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को आगे चलकर उसी स्कूल में प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जो आंगनबाड़ी केंद्र स्कूल भवनों में स्थानांतरित नहीं हो सकेंगे, उन्हें निकटवर्ती सरकारी स्कूलों से मैप किया जाएगा, ताकि समन्वय बना रहे।
दूरी का निर्धारण:-
शहरी क्षेत्रों में एक किलोमीटर की परिधि में स्थित सरकारी स्कूलों में आंगनबाड़ी केंद्र शिफ्ट किए जाएंगे, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह दूरी 500 मीटर निर्धारित की गई है।
जयपुर में सबसे अधिक:-
राज्य में किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या जयपुर जिले में सबसे अधिक है। जिले में कुल 1078 आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों में चल रहे हैं। कई स्थानों पर ये केंद्र बेहद छोटे और असुविधाजनक कमरों में संचालित हो रहे हैं।
विभाग का पक्ष:-
महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि किराए के भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी स्कूलों से जोड़ा जा रहा है, ताकि स्कूल प्रबंधन द्वारा उनकी नियमित मॉनिटरिंग हो सके। इससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और 6 वर्ष की आयु पूरी करते ही उन्हें उसी स्कूल में प्रवेश दिया जा सकेगा।