राजस्थान पंचायत चुनाव में हुआ बड़ा बदलाव, राज्य निर्वाचन आयोग का चौंकाने वाला फैसला
राजस्थान पंचायत चुनाव में हुआ बड़ा बदलाव, राज्य निर्वाचन आयोग का चौंकाने वाला फैसला
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान में पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर गाइडलाइन जारी कर इसके संकेत दे दिए हैं। निर्वाचन आयोग ने जिला कलक्टरों को मतदान दलों के गठन के निर्देश दिए हैं। इसके तहत महिलाओं, दिव्यांगों और केंद्रीय कार्मिकों की चुनाव ड्यूटी नहीं लगाने को कहा गया है। साथ ही अत्यावश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी मतदान कार्य से अलग रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग की गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि यदि मतदान केंद्र पर कोई महिला बुर्का या घूंघट में आती है, तो उसकी पहचान के लिए स्थानीय महिला कार्मिक की सहायता ली जाएगी।
एकसाथ चुनाव तो एक ही मतदान दल:-
मतदान दल में एक अधिकारी और चार सहायक मतदानकर्मी शामिल होंगे। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव एक साथ होने की स्थिति में सभी पदों के लिए मतदान एक ही दल द्वारा कराया जाएगा। इसके अलावा आयोग ने सभी पंचायत समितियों में निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। जल्द ही मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
10 प्रतिशत मतदान दल रहेंगे रिजर्व:-
मतदान केंद्रों पर आपात स्थिति या पुनर्मतदान जैसी परिस्थितियों को देखते हुए जिला या ब्लॉक स्तर पर 10 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व ड्यूटी में रखने के निर्देश दिए गए हैं।