पंचायत चुनाव से पहले सीएम भजनलाल शर्मा की बड़ी घोषणा, हर जिले में शुरू होगा ‘स्कूल ऑन व्हील्स’

post 782 (1)

पंचायत चुनाव से पहले सीएम भजनलाल शर्मा की बड़ी घोषणा, हर जिले में शुरू होगा ‘स्कूल ऑन व्हील्स’

School on Wheels : राजस्थान में पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि राज्य के प्रत्येक जिले में ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किया जाएगा। यह पहल विशेष रूप से विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए की जा रही है।

सीएम भजनलाल शर्मा रविवार को अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मन्दिर के सभागार में आयोजित विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्धजन महासम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यह समुदाय भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इनके कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीएम ने बताया कि बजट वर्ष 2026-27 में ‘राज पहल’ कार्यक्रम के तहत पहले चरण में हर जिले में एक स्कूल ऑन व्हील्स शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाई जाएगी जो पलायन या प्रवास के कारण नियमित विद्यालय नहीं जा पाते। साथ ही प्रवास-प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी शिक्षा शिविर और छह माह के स्कूल रेडिनेस कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि घुमन्तु परिवारों को आवासीय पट्टे देने और बच्चों के लिए छात्रावास की व्यवस्था जैसे ठोस कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने घुमन्तु समुदाय के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समुदायों ने देश की संस्कृति और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी लोहा-शिल्प कला विश्वभर में प्रसिद्ध है और बंजारा समुदाय का व्यापारिक कौशल भारतीय व्यापार मार्गों की रीढ़ रहा है।

अंत में उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और राज्य के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। सरकार ने समुदाय से मिले सुझावों पर सकारात्मक पहल का भी भरोसा दिलाया।

You may have missed