सावधान! तौल कर लें गैस सिलेंडर, आपके सिलेंडर से गायब हो सकती है गैस; 2-3 किलो की हो रही चोरी

post 1198 (1)

सावधान! तौल कर लें गैस सिलेंडर, आपके सिलेंडर से गायब हो सकती है गैस; 2-3 किलो की हो रही चोरी

जयपुर। शहर में एलपीजी की किल्लत के बीच अब कालाबाजारी का नया खेल सामने आया है। गैस एजेंसियों के कुछ डिलीवरी मैन ही उपभोक्ताओं को मिलने वाले सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रिफिलिंग में जुटे हुए हैं। इससे उपभोक्ता घंटों लाइन में लगने के बावजूद कम गैस वाले सिलेंडर लेने को मजबूर हो रहे हैं।

कालाबाजारी का खुलासा:-

जिला रसद अधिकारी की स्पेशल टीम ने झोटवाड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इस गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया। टीम ने एक डिलीवरी मैन को गिरफ्तार कर 27 सिलेंडर जब्त किए। जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत चारण के अनुसार, सूचना मिली थी कि खिरणी फाटक रेलवे लाइन के पास उपभोक्ताओं के सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रूप से भरी जा रही है।

सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति को दो गाड़ियों की आड़ में घरेलू सिलेंडरों से दूसरे सिलेंडरों में गैस भरते हुए पकड़ा गया। आरोपी ने खुद को महेंद्र सिंह बताया, जो एक गैस एजेंसी से जुड़ा हुआ था।

मानक से कम मिली गैस:-

जांच के दौरान मौके से 14 भरे और 13 खाली सिलेंडर मिले। जब भरे सिलेंडरों को तौला गया तो उनमें तय 14 किलो की जगह 13.5 किलो, 12.5 किलो और 11.7 किलो गैस पाई गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोजाना इसी तरह सिलेंडरों से गैस निकालकर ब्लैक में बेचता था।

उपभोक्ताओं से अपील:-

रसद विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घर पर सिलेंडर डिलीवरी के समय उसका वजन जरूर जांचें। इससे इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।

उपभोक्ता की शिकायत भी सामने आई:-

खातीपुरा निवासी महेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने 16 मार्च को सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं मिली। कई बार संपर्क करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। अंततः 22 मार्च के बाद डिलीवरी मैन सिलेंडर लेकर आया, लेकिन सिलेंडर की सील टूटी थी। जब उसे तोला तो तय मानक से 5 किलो गैस कम निकली।