नहरबंदी के दौरान पुख्ता रहें व्यवस्थाएं, हीटवेव की आशंका के मद्देनजर अस्पतालों में अतिरिक्त तैयारी

1

नहरबंदी के दौरान पुख्ता रहें व्यवस्थाएं, हीटवेव की आशंका के मद्देनजर अस्पतालों में अतिरिक्त तैयारी

जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान जलदाय और जल संसाधन विभाग सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि आमजन को पेयजल को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि नहरबंदी से पहले सभी जल भंडारण स्त्रोतों में पर्याप्त पानी का भंडारण कर लिया जाए। साथ ही पेयजल की चोरी पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाए। उन्होंने दोनों विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों, जल भंडारण स्त्रोतों और रिजर्व वायर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति के कंटीजेंसी प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के सभी जीएलआर और डिग्गियों को भरवाने तथा जीएलआर ओवरफ्लो नहीं होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पशुओं के लिए खेलियां भरवाने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने गर्मी के मद्देनजर विद्युत सप्लाई की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान विभाग तत्काल करे। साथ ही जीएसएस निर्माण कार्यों की प्रगति और ट्रांसफार्मर बदलने के कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हीटवेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा
आगामी दिनों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों और ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रहे। ब्लॉक प्रभारी नियमित दौरे कर यह सुनिश्चित करें कि अस्पतालों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में भी ओआरएस उपलब्ध रखने तथा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौसमी बीमारियों, टीकाकरण और गर्मी के दौरान उल्टी-दस्त या फूड पॉइजनिंग की संभावित स्थिति से निपटने के लिए भी पुख्ता प्रबंध करने को कहा।