अमेरिका-ईरान युद्ध से खाड़ी देशों के प्रवासी भारतीयों पर बड़ा असर, युद्ध के बीच फंसे लोग सुरक्षित लौटे वतन

post 914 (1)

बीकानेर:अमेरिका-ईरान तनाव के बीच खाड़ी देशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच दुबई में कार्यरत बीकानेर के कई युवक सुरक्षित अपने घर लौट आए। अपने बेटों को सकुशल सामने देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।

अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों का असर खाड़ी क्षेत्र में भी महसूस किया जा रहा है। दुबई से लौटे युवकों ने बताया कि हालात सामान्य नहीं थे। आसमान में गतिविधियां तेज थीं और माहौल में अनिश्चितता का भाव साफ दिखाई दे रहा था।

उन्होंने कहा कि अब तक यूएई को सुरक्षित माना जाता था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों ने सभी को चिंता में डाल दिया है। युवकों ने बताया कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण दुबई से भारत की फ्लाइट मिलना मुश्किल हो गया था, जिसके चलते उन्होंने सड़क मार्ग से ओमान पहुंचने का फैसला किया। वहां से गोवा के लिए फ्लाइट मिली और फिर वे अपने गृह नगर बीकानेर पहुंचे।

प्रवासियों ने बताया कि उस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरक्षित स्वदेश लौटना थी। उन्होंने कहा कि बदलते हालातों को देखते हुए अब रोजगार के नए विकल्पों पर भी विचार करना पड़ेगा। फिलहाल परिवार के बीच सुरक्षित पहुंचना ही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है।