बच्चों को जबरन सांता बनाने पर होगी कार्रवाई, राजस्थान के इस जिले में सरकारी और निजी स्कूलों को सख्त आदेश जारी

बच्चों को जबरन सांता बनाने पर होगी कार्रवाई, राजस्थान के इस जिले में सरकारी और निजी स्कूलों को सख्त आदेश जारी

R.खबर ब्यूरो। श्रीगंगानगर, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) की ओर से जारी आदेश में जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि क्रिसमस के अवसर पर किसी भी छात्र पर सांता क्लॉज बनने या जबरन सांता की ड्रेस पहनने का दबाव नहीं बनाया जाए। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश भारत तिब्बत सहयोग मंच द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के बाद जारी किया गया। मंच के जिला अध्यक्ष सुखजीत सिंह अटवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया गया है, जो साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निजी स्कूलों में बच्चों पर जबरन क्रिसमस मनाने का दबाव बनाया जाता है, जिसे लेकर कार्रवाई की मांग की गई थी।

जबरन नहीं, स्वेच्छा से आयोजन:-

अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अशोक वधवा ने स्पष्ट किया कि जारी निर्देशों में क्रिसमस मनाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को क्रिसमस और वीर बाल दिवस दोनों होते हैं, ऐसे में शैक्षणिक संस्थान अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं, लेकिन छात्रों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। यदि छात्र और उनके अभिभावक सहमति देते हैं तो क्रिसमस से जुड़े आयोजन पूरी तरह अनुमेय होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जबरन दबाव बनाने की स्थिति में शिकायत मिलने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 25 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश शुरू हो जाता है, जिसके चलते अधिकांश स्कूल एक दिन पहले ही क्रिसमस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इसी पृष्ठभूमि में यह ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से यह आदेश जारी किया गया।

Scroll to Top