Accident: SI परीक्षा देने निकले दो युवाओं की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

post 1393 (1)

सरवाड़ (अजमेर)। मौत कब और किसे अपने आगोश में ले ले, इसका कोई अंदाजा नहीं होता। रविवार को एसआइ परीक्षा देने निकले दो युवाओं के साथ भी ऐसा ही हुआ। सरवाड़ निवासी राहुल अरोड़ा और ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दिनेश कुमावत मोटरसाइकिल से अजमेर परीक्षा देने जा रहे थे। रास्ते में ग्राम अरवड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में दिनेश कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल अरोड़ा को अजमेर के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

शव पहुंचते ही पसरा मातम:-

सोमवार को जैसे ही राहुल का शव सरवाड़ पहुंचा, पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। कोचिंग संस्थान संचालित करने वाले राहुल की असमय मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे, जिनकी आंखों में आंसू साफ नजर आए। कई छात्र-छात्राएं अपने शिक्षक को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हो उठे।

शिक्षा और समाज में सक्रिय थे राहुल:-

राहुल अरोड़ा अपनी मेधावी प्रतिभा, विनम्र व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे विद्यार्थी परिषद, भारत विकास परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे संगठनों से जुड़े हुए थे और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उन्होंने कम समय में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-

राहुल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ वर्ष पहले ही बेटी को खो चुके माता-पिता के लिए यह हादसा बेहद असहनीय है। जवान बेटे की अर्थी को कांधा देने का दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया।

दूसरे परिवार में भी पसरा सन्नाटा:-

ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दिनेश कुमावत की मौत से गांव में मातम छा गया। हाल ही में उनका चयन पशु परिचर के रूप में हुआ था, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़:-

दोनों युवाओं के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।