Accident: निजी बस ने बाइक सवार मजदूरों को रौंदा, दो की मौके पर दर्दनाक मौत; एक अन्य गंभीर घायल

post 638 (1)

Accident: निजी बस ने बाइक सवार मजदूरों को रौंदा, दो की मौके पर दर्दनाक मौत; एक अन्य गंभीर घायल

Accident News: राजस्थान के पाली जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के खोड गांव के निकट मलोट रोड पर तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।

मजदूरी पर जा रहे थे तीनों दोस्त:-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोड गांव निवासी गिरधारी (46) पुत्र वालाराम और श्रवण (38) पुत्र ताराराम अपने साथी भेराराम (निवासी चांगवा) के साथ सुबह बाइक से मजदूरी के लिए निकले थे। जैसे ही वे मलोट रोड पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

मौके पर मचा हड़कंप:-

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर गुड़ा एंदला थाना प्रभारी शिव नारायण पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। गिरधारी और श्रवण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि भेराराम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया।

गांव में छाया मातम:-

पुलिस ने दोनों शवों को गुंदोज सीएचसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना की सूचना मिलते ही खोड गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।