Accident News: शादी की खुशियां मातम में बदली, विवाह समारोह से लौटते समय भीषण सड़क हादसा, 2 लोगों की दर्दनाक मौत
Accident News: बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा क्षेत्र में वीरपुर गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक पिता अपने बेटे की शादी संपन्न करवाकर घर लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही आंबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के बाजना क्षेत्र के कबलखोरा निवासी मड़िया डिंडोर अपने बेटे पंकज की शादी के बाद घर लौट रहे थे। उन्होंने बांसवाड़ा में आंबापुरा क्षेत्र के नवाखेड़ा गांव में रिश्ता तय किया था। शादी की रस्में पूरी होने के बाद वे बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ समधी हकरू निनामा भी बाइक पर सवार थे।
इसी दौरान वीरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मड़िया डिंडोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हकरू निनामा ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य युवक घायल हुआ है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।