Accident News : बेकाबू ट्रेलर का कोहराम, कार को मारी टक्कर, लगी भीषण आग, दो छात्रों ने कूदकर बचाई जान
Accident News : बेकाबू ट्रेलर का कोहराम, कार को मारी टक्कर, लगी भीषण आग, दो छात्रों ने कूदकर बचाई जान
Accident News: सिरोही शहर के अनादरा चौराहे से आगे एक निजी स्कूल के पास बेकाबू ट्रेलर ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार 12वीं के दो छात्र समय रहते दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कोतवाली थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि चावल से भरा ट्रेलर सिरोही से अनादरा की ओर जा रहा था। उसी दौरान स्कूल में विदाई समारोह में शामिल होने जा रहे दो छात्र कार से जा रहे थे। अनादरा चौराहे के पास ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी और कुछ दूरी तक घसीटता रहा। छात्रों के बाहर निकलते ही कार धू-धू कर जलने लगी। सूचना पर पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है।
पोल और तार टूटे, बिजली आपूर्ति बाधित:-
हादसे के दौरान ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े दो बिजली पोल भी तोड़ दिए। इससे 11 केवी लाइन के तार टूटकर सड़क पर गिर गए, हालांकि तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे जनहानि नहीं हुई। कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि ट्रेलर भी क्षतिग्रस्त हुआ।
विद्युत निगम को नुकसान:-
कांडला हाईवे स्थित इस हादसे में विद्युत निगम को करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। 33 केवी लाइन के पोल और तार क्षतिग्रस्त हुए। सूचना पर एक्सईएन महेंद्र मीणा और एईएन हेमंत प्रजापत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद कई घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।